मिजोरम की राजधानी आइजोल पहली बार जुड़ी भारतीय रेल नेटवर्क से

0

जम्मू, 18 अगस्त:
बैराबी–सैरांग नई रेल लाइन परियोजना (51.38 किमी) मिजोरम के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुई है। इस परियोजना के पूरा होने के साथ ही मिजोरम की राजधानी आइजोल पहली बार भारतीय रेल नेटवर्क से सीधे जुड़ गई है। “एक्ट ईस्ट पॉलिसी” के तहत तैयार की गई यह परियोजना प्रगति और राष्ट्रीय एकीकरण का प्रतीक मानी जा रही है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना में कुल 48 सुरंगें (12.85 किमी लंबी) और 142 पुल शामिल हैं। इनमें सबसे खास है ब्रिज नंबर 196, जिसकी ऊंचाई 114 मीटर है और यह भारत का दूसरा सबसे ऊंचा पियर ब्रिज है, जो कुतुब मीनार से 42 मीटर ऊंचा है। रेल मार्ग की सुरंगों को मिजो संस्कृति से जुड़े भव्य चित्रों और भित्ति-चित्रों से सजाया गया है, जिससे आधुनिक इंजीनियरिंग और स्थानीय परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिलता है।

परियोजना को चार चरणों में पूरा किया गया और जून 2025 में इसे सीआरएस (CRS) से मंजूरी मिल गई, जिसके बाद संचालन का रास्ता साफ हुआ। इस उपलब्धि के साथ मिजोरम चौथा पूर्वोत्तर राज्य बन गया है, जिसकी राजधानी भारतीय रेलवे नेटवर्क से सीधे जुड़ी है।

इस परियोजना के माध्यम से परिवहन लागत में भारी कमी आएगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, व्यापार में तेजी आएगी, नए रोज़गार के अवसर पैदा होंगे और पूरे मिजोरम समेत पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.