नए महिला हॉस्टलों के निर्माण पर सरकार सक्रिय रूप से विचार कर रही हैः सकीना इत्तू

0

जम्मू, 27 अक्तूबर। सामाजिक कल्याण मंत्री, सकीना इत्तू ने कहा कि नए महिला हॉस्टलों के निर्माण पर विभाग सक्रिय रूप से विचार कर रहा है, जबकि किश्तवाड़ ज़िले में महिला हॉस्टल स्थापित करने की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा।
मंत्री ने विधानसभा में विधायक शगुन परिहार द्वारा महिला हॉस्टलों से संबंधित पूछे गए प्रश्न का उत्तर में यह बात कही ।
उन्होंने सदन को सूचित किया कि उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत 12 महिला हॉस्टल विभिन्न जिलों में क्रियाशील हैं, जिनकी कुल क्षमता लगभग 1200 है। उन्होंने यह भी बताया कि जम्मू-कश्मीर के विभिन्न कॉलेजों में 16 बालिका हॉस्टलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इसके अलावा, कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जम्मू और श्रीनगर स्थित विभिन्न पॉलिटेक्निक कॉलेजों में भी कई संचालित/निर्माणाधीन बालिका हॉस्टल स्थापित किए गए हैं।
मंत्री ने आगे बताया कि सामाजिक कल्याण विभाग के अंतर्गत रूप नगर, जम्मू में एक कार्यरत महिला हॉस्टल है जिसकी क्षमता 25 महिलाओं की है। इसमें डॉरमिटरी, रसोईघर, पुस्तकालय, शौचालय, लॉन, लॉबी और डेकेयर सेंटर जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि विभाग श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, कठुआ और राजौरी जिलों में हाल ही में स्वी.त पाँच नए “सखी निवास” स्थापित करने की प्रक्रिया में है। उपयुक्त भवनों की पहचान कर ली गई है और मानव संसाधन की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।
मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग अपने नर्सिंग, पैरामेडिकल और मेडिकल कॉलेजों के लिए छात्रावास सुविधाएँ प्रदान करता है। इसके अतिरिक्त, स्कूल शिक्षा विभाग भी विभिन्न जिलों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के माध्यम से छात्राओं के लिए आवासीय सुविधाएँ उपलब्ध कराता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.