तवी नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों को मिली रफ्तार, 6 प्रोजेक्ट पूरे, 5 प्रगति पर
जम्मू, 12 फरवरी (हि.स.)। जल शक्ति, वन पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने विधानसभा में बताया कि तवी नदी पर बाढ़ प्रबंधन एवं सुरक्षा कार्य हर वर्ष स्वीकृत योजना के तहत यूटी कैपेक्स और नाबार्ड के माध्यम से किए जा रहे हैं।
विधायक सुरिंदर कुमार के प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि यूटी कैपेक्स के तहत कई कार्य स्वीकृत किए गए, जिनमें से 6 कार्य पूर्ण हो चुके हैं जबकि 5 विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं। साथ ही मनवाल से लेकर भारत-पाक सीमा तक नदी प्रशिक्षण (रिवर ट्रेनिंग) के कार्य नाबार्ड़ के अंतर्गत किए गए हैं। मंत्री ने जानकारी दी कि तवी नदी के तटबंधों की बहाली और मजबूती के लिए 769.96 लाख रुपये की लागत से 3 नए कार्य टेंडर किए गए हैं। इनमें बिक्रम चैक पुल के अपस्ट्रीम बाएं किनारे पर 577.03 लाख रुपये की लागत से तटबंध बहाली, हरि सिंह पार्क के पास दाएं किनारे पर 173 लाख रुपये की बाढ़ सुरक्षा संरचनाओं का निर्माण तथा चक मलहोरी बजालता में 19.93 लाख रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के लिए वर्ष 2025-26 के बजट अनुमान में धनराशि प्रस्तावित की गई है।