जम्मू-कश्मीर में 559 प्रशिक्षण केंद्रों पर दिया जा रहा है शिल्प कौशल का प्रशिक्षण : सरकार

0

जम्मू, 13 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने शुक्रवार को सदन को सूचित किया कि केंद्र शासित प्रदेश में विभिन्न व्यवसायों में बुनियादी और उन्नत शिल्प कौशल प्रदान करने के लिए वर्तमान में 559 प्राथमिक और उन्नत प्रशिक्षण केंद्र कार्यरत हैं।

 

शिल्पकारों के कल्याण के संबंध में चदूरा के विधायक अली मोहम्मद डार द्वारा पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए सरकार ने कहा कि विभाग हस्तशिल्प और हथकरघा क्षेत्र में कौशल विकास को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण केंद्र संचालित कर रहा है। सरकार ने बताया कि अकेले बडगाम जिले में 2024-25 में कारीगरों और बुनकरों के लिए क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 1,920 कारीगरों और बुनकरों को शामिल किया गया जिसमें ब्याज सब्सिडी के रूप में 197.23 लाख रुपये वितरित किए गए जबकि 2025-26 में 2,015 लाभार्थियों को शामिल किया गया जिनमें 96.56 लाख रुपये वितरित किए गए।

 

कारखंडार योजना के तहत दो वर्षों के दौरान बडगाम में आठ इकाइयां स्थापित की गईं जिनसे 88 कारीगरों को लाभ हुआ और वजीफे और मानदेय के रूप में 9.196 लाख रुपये वितरित किए गए। सरकार ने आगे बताया कि वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान बडगाम के विभिन्न ब्लॉकों में हस्तशिल्प एवं हथकरघा सहकारी समितियों/स्वयं सहायता समूहों के लिए वित्तीय सहायता योजना के तहत 49 लाख रुपये जारी किए गए।

 

सरकार ने यह भी बताया कि इन दो वित्तीय वर्षों के दौरान बुडगाम में हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रशिक्षण केंद्रों के लिए आवास हेतु किराये सहायता के रूप में 45.25 लाख रुपये वितरित किए गए। बडगाम में जीआई प्रमाणन प्रयोगशाला की स्थापना के संबंध में सरकार ने कहा कि केंद्रीकृत परीक्षण एवं प्रमाणन सुविधाएं वर्तमान में श्रीनगर में उपलब्ध हैं और जीआई प्रमाणन प्रक्रिया के विकेंद्रीकरण का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.