किश्तवाड़ में बाढ़ आने से अब तक 46 की मौत, 120 बचाए गए, अमित शाह ने की उपराज्यपाल मनोज सिन्हा व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया
जम्मू : उत्तर भारत में मानसून जारी है. पहाड़ी इलाकों से बादल फटने और बाढ़ आने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं. ताजा खबर जम्मू संभाग के किश्तवाड़ से आई है. यहां पाडर इलाके में बादल फटा है. हादसे में अब तक 46 की मौत, 120 बचाए गए की खबर है. रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है. बादल फटने के बाद इलाके की नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किश्तवाड़ में बादल फटने की घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से फोन पर बात की है। इस दौरान, गृह मंत्री ने भरोसा दिया कि केंद्र सरकार हर परिस्थिति में जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “किश्तवाड़ जिले में बादल फटने की घटना पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री से बात की। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य कर रहा है। एनडीआरएफ की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। हम स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और हर परिस्थिति में जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं।