ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को संदेश दिया कि हम भारतीय नागरिक के रक्त की हर बूँद का बदला लेंगेः एलजी
कोई भी हमारे देश की ओर आँख उठाने की हिम्मत नहीं कर सकताः एलजी सिन्हा
जम्मू 14 अक्टूबर। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भारत की 1965 के युद्ध में पाकिस्तान पर विजय की हीरक जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि दी और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम वेस्टर्न कमांड और 26 इन्फैंट्री डिवीजन द्वारा जम्मू में आयोजित किया गया।
पूर्व सैनिकों की भव्य रैली को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि 1965 के युद्ध में विजय और हालिया ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सशस्त्र बलों के सैनिकों के साहस और बलिदान का परिणाम है, जिन्हें विश्व की सबसे मजबूत सेनाओं में गिना जाता है।
उपराज्यपाल ने 1965 युद्ध के नायकों के बलिदान को याद किया और उन सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने भारत की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि सैनिकों का निवास, जो पाकिस्तान जैसे आतंकी देश के खिलाफ पहली रक्षा पंक्ति है, एक पवित्र भूमि है।
उन्होंने कहा, “पूर्व सैनिकों के प्रति अटूट श्रद्धा मेरे नीतियों की मूल नींव है। व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए, यह भूमि तीर्थस्थल से कम नहीं है। हमारे पूर्व सैनिकों ने आर्थिक विकास, सामाजिक परिवर्तन और गौरवशाली भारत के पुनरुत्थान में अपार योगदान दिया है।”
उपराज्यपाल ने 26 इन्फैंट्री डिवीजन के ऑपरेशन सिंदूर में साहस और हाल की प्रा.तिक आपदाओं के दौरान लोगों की जान बचाने में सेना के निःस्वार्थ कार्य को याद किया।
ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को यह संदेश दिया कि हम भारतीय नागरिक के रक्त की हर बूँद का बदला लेंगे। कोई भी हमारे देश की ओर आँख उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता।
उपराज्यपाल ने पूर्व सैनिकों से आह्वान किया कि वे अपने नेतृत्व कौशल और अनुशासन का उपयोग जारी सामुदायिक सेवाओं और नागरिक कार्रवाई कार्यक्रमों में करें।
“हमारे पूर्व सैनिक युवाओं के लिए आदर्श हैं। उन्हें युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करना चाहिए और उन्हें देशभक्ति, अनुशासन और निःस्वार्थ सेवा के मूल्यों की शिक्षा देनी चाहिए।
उपराज्यपाल ने समाज के सभी वर्गों से आग्रह किया कि वे सुरक्षा बलों के वीरों के बलिदान और समर्पण का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हमारे पूर्व सैनिक और शहीदों के परिवार सम्मानजनक जीवन व्यतीत करें।
कार्यक्रम में लेटिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वेस्टर्न कमांड, लेटिनेंट जनरल राजन शरावत जीओसी 9 कोर, मेजर जनरल मुकेश भानवाला, जीओसी, 26 इन्फैंट्री डिवीजन, श्री रमेश कुमार, संभागीय आयुक्त जम्मू, लेटिनेंट जनरल आर.के. शर्मा (से.नि.), अध्यक्ष जे-के पूर्व सैनिक लीग, ब्रिगेडियर गुरमीत सिंह शान (से.नि.), निदेशक, सैनिक कल्याण जे-के, सुरक्षा बलों, पुलिस और सिविल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, युद्ध के अनुभवी, पूर्व सैनिक और वीर नारियां उपस्थित थीं।