आतंकवाद के रावण के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की जीत: राष्ट्रपति मुर्मू

आतंकवादियों और उनके सरपरस्तों को करारा जवाब देने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों को सलाम

0

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को आतंकवाद के रावण के खिलाफ जीत करार देते हुए सीमा पार बैठे आतंकवादियों और उनके सरपरस्तों को करारा जवाब देने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की।

यहाँ लाल किले पर दशहरा समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “हमारे सशस्त्र बलों द्वारा चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के रावण पर एक निर्णायक जीत का प्रतीक है।”

उन्होंने कहा, “जब आतंकवाद मानवता पर हमला करता है, तो उसका मुकाबला करना ज़रूरी हो जाता है। ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के रावण के खिलाफ जीत का प्रतीक है और हम इसके लिए अपने सैनिकों को सलाम करते हैं।”

गौरतलब है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ इस साल 7 मई को पाकिस्तान में आतंकवादी ढाँचे के खिलाफ शुरू किया गया था। यह 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का जवाब था, जिसमें 26 नागरिक, जिनमें ज़्यादातर पर्यटक थे, मारे गए थे। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकवादी मुख्यालयों को नष्ट कर दिया, जिसके कारण दोनों देशों के बीच झड़पें हुईं।

यह झड़पें चार दिनों तक जारी रहीं और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) द्वारा अपने भारतीय समकक्ष से संपर्क कर युद्धविराम का अनुरोध करने के बाद यह युद्ध समाप्त हुआ।

राष्ट्रपति ने कहा कि दशहरा का त्योहार हमेशा से बुराई पर अच्छाई, अहंकार पर विनम्रता और घृणा पर प्रेम की विजय का प्रतीक रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.