श्रीनगर एयरपोर्ट पर SpiceJet कर्मचारियों से सीनियर आर्मी अफसर की मारपीट, एक को रीढ़ की हड्डी में चोट
घटना का वीडियो वायरल, एफआईआर दर्ज
श्रीनगर, 3 अगस्त — श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक सीनियर आर्मी अधिकारी द्वारा स्पाइसजेट के चार कर्मचारियों के साथ की गई कथित मारपीट ने हड़कंप मचा दिया है। घटना 26 जुलाई की है, जब उक्त अधिकारी दिल्ली जाने वाली फ्लाइट SG-386 में सवार होने वाला था। एयरलाइन के मुताबिक, अतिरिक्त केबिन बैगेज का शुल्क मांगे जाने पर अधिकारी ने चार ग्राउंड स्टाफ को बेरहमी से पीटा, जिससे एक को रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है।
घटना का वीडियो वायरल, एफआईआर दर्ज
यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसमें अधिकारी को स्टाफ पर हिंसक हमला करते हुए देखा गया। एक कर्मचारी पर कतारबंदी स्टैंड से हमला किया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। एयरलाइन ने बताया कि उस कर्मचारी को जमीन पर गिरने के बाद भी लातों से मारा गया। एक अन्य कर्मचारी को जबड़े में गंभीर चोट लगी है।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी
स्पाइसजेट ने अपने बयान में कहा कि अधिकारी के पास 16 किलो का दो बैग था, जबकि केवल 7 किलो केबिन बैगेज की अनुमति होती है। जब उन्हें अतिरिक्त शुल्क चुकाने को कहा गया, तो उन्होंने मना करते हुए जबरन एरोब्रिज में प्रवेश किया, जो सुरक्षा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
CCTV फुटेज पुलिस को सौंपा, नो-फ्लाई लिस्ट में नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू
एयरलाइन ने इस “हत्या जैसे हमले” को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखा है और मामले की कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्पाइसजेट ने CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दी है और आरोपी को नो-फ्लाई लिस्ट में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्पाइसजेट का बयान
“हम अपने कर्मचारियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा की कड़ी निंदा करते हैं और इस मामले को पूरी गंभीरता से कानून और नियामकीय स्तर पर आगे बढ़ाएंगे,” एयरलाइन ने कहा।