केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, आपदा प्रभावित 5 राज्यों और जम्मू-कश्मीर को 1,912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता मंजूर

0

 

नई दिल्ली,13 मार्च 2026 : एक आधिकारिक बयान के अनुसार, केंद्र ने शुक्रवार को 2025 में बाढ़, अचानक आई बाढ़, बादल फटने, भूस्खलन और चक्रवात ‘मोन्था’ (Montha) से प्रभावित पांच राज्यों और जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश को 1,912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है। यह निर्णय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा लिया गया। बयान के अनुसार, ये पांच राज्य आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और नागालैंड हैं। बयान में कहा गया, “कुल राशि में से, आंध्र प्रदेश के लिए 341.48 करोड़ रुपये, छत्तीसगढ़ के लिए 15.70 करोड़ रुपये, गुजरात के लिए 778.67 करोड़ रुपये, हिमाचल प्रदेश के लिए 288.39 करोड़ रुपये, नागालैंड के लिए 158.41 करोड़ रुपये और जम्मू-कश्मीर के लिए 330.34 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।” इसमें कहा गया है कि यह सहायता राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष के तहत राज्यों को पहले ही जारी की जा चुकी धनराशि के अतिरिक्त है। बयान के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान, केंद्र ने SDRF के तहत 28 राज्यों को 20,735 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष के तहत 21 राज्यों को 3,628.18 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसके अलावा, राज्य आपदा शमन कोष से 23 राज्यों को 5,373.20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जबकि राष्ट्रीय आपदा शमन कोष के तहत 21 राज्यों को 1,189.56 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं। बयान में कहा गया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, भारत सरकार प्राकृतिक आपदाओं और विपत्तियों के दौरान राज्य सरकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.