बसोहली में जल आपूर्ति मजबूत करने के लिए 242.46 करोड़ की 43 योजनाएं, अमृत 2.0 के तहत 12.60 करोड़ का प्रोजेक्ट स्वीकृत

0

 

जम्मू, 18 फरवरी (हि.स.)। बसोहली विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण जल आपूर्ति योजनाएं लागू की जा रही हैं। यह जानकारी जल शक्ति, वन, पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने विधानसभा में विधायक दर्शन कुमार के प्रश्न के उत्तर में दी।

मंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने के लिए कुल 43 जल आपूर्ति योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें 42 योजनाएं जल जीवन मिशन के तहत और एक योजना नाबार्ड के अंतर्गत शामिल है। इन योजनाओं पर कुल 242.46 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इनमें से छह योजनाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष योजनाएं अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में जल आपूर्ति को मजबूत करने के लिए अमृत 2.0 के तहत बसोहली नगर के जल आपूर्ति तंत्र के विस्तार और सुधार के लिए 12.60 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। मंत्री ने बताया कि योजनाओं के कार्यान्वयन के दौरान लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मौजूदा जल आपूर्ति प्रणालियों का उपयोग किया जा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर पानी के टैंकर भी तैनात किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन की समयसीमा दिसंबर 2028 तक बढ़ा दी है और सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाएगा। सरकार ने बसोहली क्षेत्र के सभी घरों तक सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.