उत्तरी सेना कमांडर ने जम्मू में सुरक्षा उपायों की समीक्षा की
जम्मू, 13 फरवरी (हि.स.)। उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में आतंकवाद विरोधी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। केंद्र शासित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कई संयुक्त अभियानों और खतरे की आशंका से संबंधित सूचनाओं के मद्देनजर यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
उत्तरी कमान मुख्यालय ने बताया कि सेना कमांडर ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से साप्ताहिक संयुक्त नियंत्रण केंद्रों के साथ बैठक की। वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व के अलावा बैठक में पुलिस, सीआरपीएफ और श्रीनगर एवं जम्मू डिवीजनों के अन्य हितधारकों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक में खुफिया जानकारी साझा करने, संयुक्त तैयारियों को बढ़ावा देने, अंतर-एजेंसी तालमेल को परिष्कृत करने और आतंकवाद विरोधी ढांचे को और मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया