पुलिस ने एक आरोपी की करीब 1.5 करोड़ की अचल संपत्ति अटैच की
कुलगाम, 13 फ़रवरी (हि.स.)। ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुलगाम पुलिस ने एक आरोपी की करीब 1.5 करोड़ की अचल संपत्ति अटैच कर दी है। यह कार्रवाई मणिगाम गांव में की गई, जहां 6 दुकानें, 5 गोदाम, एक टिन शेड और एक चबूतरा जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार यह संपत्ति मोहम्मद अशरफ खांडे पुत्र गुलाम अहमद खांडे, निवासी निपोरा, कुलगाम की है। आरोपी काजीगुंड थाना क्षेत्र का रहने वाला है और पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में शामिल है।
जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद की गई। जांच में सामने आया कि यह संपत्ति ड्रग तस्करी से कमाए गए गैर-कानूनी धन से बनाई गई थी और सीधे तौर पर नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़ी हुई थी। आरोपी के खिलाफ थाना काजीगुंड में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत एफआईआर नंबर 196/2024 दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि अटैच की गई संपत्ति की बाजार कीमत करीब 1.5 करोड़ है। यह कदम ड्रग तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने के लिए उठाया गया है ताकि स्पष्ट संदेश दिया जा सके कि अपराध से कमाया गया धन सुरक्षित नहीं है।