पीएचडीसीसीआई ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, उद्योग व पर्यटन के पुनरुद्धार के लिए विशेष पैकेज की मांग, जम्मू क्षेत्र पर फोकस

0

जम्मू, 28 जनवरी (हि.स.)।पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) जम्मू क्षेत्र के चेयरमैन राकेश वज़ीर ने प्री-बजट बैठक के दौरान जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए उद्योग और पर्यटन क्षेत्र के लिए विशेष पुनरुद्धार पैकेज की मांग की। ज्ञापन में विशेष रूप से जम्मू क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, वाणिज्य और पर्यटन की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई गई और इनके संरक्षण व पुनर्जीवन के लिए ठोस सुझाव रखे गए। पीएचडीसीसीआई ने न्यू सेंट्रल सेक्टर स्कीम को सितंबर 2024 के बाद भी जारी रखने तथा इसमें स्थानीय उद्यमियों को प्राथमिकता देने की मांग की। साथ ही होटलों के नवीनीकरण, मौजूदा औद्योगिक इकाइयों के उन्नयन और औद्योगिक पैकेज 2017 की तर्ज पर विस्तार लाभ बहाल करने पर जोर दिया गया।

 

पर्यटन आधारित विकास को अहम बताते हुए चैंबर ने होटल, विश्वविद्यालय, अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बोर्डिंग स्कूल और हॉस्पिटैलिटी संस्थानों में निवेश बढ़ाने की अपील की, ताकि स्वास्थ्य, शिक्षा, साहसिक और धार्मिक पर्यटन को मजबूती मिल सके। होटल उद्योग के लिए जीएसटी प्रतिपूर्ति और औद्योगिक बिजली दरों का लाभ विनिर्माण इकाइयों के समान देने की मांग भी उठाई गई।

 

ज्ञापन में आटा मिल उद्योग की समस्याओं का उल्लेख करते हुए बताया गया कि पंजाब द्वारा गेहूं पर लगाए गए 6 प्रतिशत मंडी शुल्क के कारण जम्मू-कश्मीर की मिलें प्रतिस्पर्धा में पिछड़ रही हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हर वर्ष वैष्णो देवी आने वाले लगभग एक करोड़ श्रद्धालुओं को प्रदेश के अन्य पर्यटन व तीर्थ स्थलों की ओर आकर्षित करने के सुझाव दिए गए। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक सुना और प्रत्येक मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.