गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था: कश्मीर आईजीपी

0

श्रीनगर, 23 जनवरी (हि.स.)। कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) वी.के. बर्डी ने शुक्रवार को कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए श्रीनगर समेत पूरे कश्मीर घाटी में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मीडिया से बात करते हुए आईजीपी बर्डी ने बताया कि जम्मू और कश्मीर पुलिस ने अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया है ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।

उन्होंने कहा कि ये व्यवस्थाएं श्रीनगर समेत पूरी घाटी में लागू हैं और इनका उद्देश्य समारोह में शामिल होने वालों और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, “गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम अलग-अलग जिलों में आयोजित किए जाएंगे, जहां समारोहों के दौरान मुख्य अतिथियों को सलामी दी जाएगी।” आईजीपी ने कहा, “श्रीनगर में मुख्य कार्यक्रम बख्शी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा जहां पुलिसकर्मियों, स्कूली बच्चों और आम जनता के परेड में भाग लेने की उम्मीद है।”

आज सुबह अधिकारियों और प्रतिभागियों ने शहर के बलिदान स्तंभ पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बर्डी ने कहा कि ऐसे समारोह शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उपस्थित लोगों में अनुशासन और देशभक्ति की भावना पैदा करने का भी काम करते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.