आतंकी तंत्र को खत्म करने के लिए श्रीनगर पुलिस ने शहर भर में कई जगहों पर की छापेमारी
श्रीनगर, 15 अक्टूबर । आतंकी तंत्र को खत्म करने और गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अपने निरंतर प्रयासों के तहत श्रीनगर पुलिस ने बुधवार को शहर भर में कई जगहों पर व्यापक छापेमारी की। जांच के सिलसिले में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से जुड़े आतंकवादी सहयोगियों और ओवरग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) के आवासों पर तलाशी ली गई।
पुलिस प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत तलाशी अभियान श्रीनगर के विभिन्न इलाकों में चलाए गए, जिसमें आतंकवाद से संबंधित गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने, सहायता करने या बढ़ावा देने में शामिल व्यक्तियों को निशाना बनाया गया। इनमें असरार अहमद बाला पुत्र रफी बाला निवासी ओमर कॉलोनी लाल बाजार, शाहबाज अहमद भट पुत्र फारूक अहमद भट निवासी पालपोरा नूरबाग, साजिद मजीद शाह पुत्र अब्दुल मजीद शाह निवासी नौपोरा सेकिदाफर, आशिक बशीर नजर पुत्र बशीर अहमद नजर निवासी सोइतेंग शामिल हैं।