दो दिनों में सुधरेगी पेट्रोल सप्लाई: Divisional Commissioner Kashmir
श्रीनगर, 15 सितम्बर: जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने और पेट्रोल संकट को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच डिविजनल कमिश्नर कश्मीर अंशुल गर्ग ने आश्वासन दिया है कि पेट्रोल की कमी अस्थायी है और अगले दो दिनों में सप्लाई सामान्य कर दी जाएगी।
अंशुल गर्ग ने बताया कि डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक घाटी में मौजूद है और जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। “अभी केवल पेट्रोल की कमी है, लेकिन अगले दो दिनों में इसकी आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। जनता से अपील है कि घबराहट में पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएँ,” उन्होंने कहा।
उन्होंने आगे बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहाली का काम दिन-रात युद्धस्तर पर जारी है और उम्मीद है कि यह अगले 48 घंटों में पूरी तरह चालू हो जाएगा।
गर्ग ने यह भी कहा कि आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए प्रशासन ने मुगल रोड को खोलकर रखा है, ताकि आवश्यक वस्तुएँ लगातार घाटी तक पहुँचती रहें।
इस बीच पेट्रोल की कमी को लेकर जनता में बेचैनी जरूर है, लेकिन प्रशासन ने साफ कर दिया है कि हालात नियंत्रण में हैं और सभी आवश्यक सामान का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।