जम्मू-कश्मीर के बडगाम से दिल्ली के आदर्श नगर स्टेशन तक शनिवार से नियमित रूप से चलेगी पार्सल ट्रेन

0

नयी दिल्ली 11 सितंबर : रेलवे शनिवार से जम्मू-कश्मीर के बडगाम से राष्ट्रीय राजधानी के आदर्शन नगर स्टेशन तक दैनिक पार्सल ट्रेन सेवा शुरू कर रहा है।

यह जानकारी रेल मंत्री अश्विवी वैष्णव ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ” जम्मू-श्रीनगर लाइन चालू होने से कश्मीर घाटी में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। रेलवे 13 सितंबर से कश्मीर घाटी के बडगाम से दिल्ली के आदर्श नगर स्टेशन तक एक दैनिक समय-सारिणी पार्सल ट्रेन शुरू कर रहा है। बडगाम से दिल्ली के लिए सेब लाने वाली दो पार्सल वैन की लोडिंग आज से शुरू हो रही है।”

बडगाम से दिल्ली के आदर्श नगर तक पार्सल ट्रेन सेवा शुरू होने से केंद्र शासित प्रदेश के व्यापारियों को अपने उत्पाद जैसे फल और हस्तशिल्प पूरे देश में भेजने में मदद मिलेगी। इस पहल से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। गौरतलब है कि यह सड़क परिवहन की तुलना में तेज और सस्ता विकल्प है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बडगाम से दिल्ली के लिए दैनिक पार्सल ट्रेन शुरू करने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने श्री वैष्णव के पोस्ट को टैग करते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “बडगाम से नयी दिल्ली के लिए दैनिक पार्सल ट्रेन से सेब उत्पादकों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का मैं हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.