नया भारत आतंक के गढ़ में घुसकर देता है जवाब: सीएम योगी
- देहाती सन्देश ब्यूरो
वाराणसी, 2 अगस्त : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में काशी में आयोजित एक भव्य लोकार्पण/शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि “नया भारत अब पहलगाम के अपराधियों को मिट्टी में मिला सकता है और दुश्मन के घर में घुसकर खात्मा करने का माद्दा रखता है।” उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि पूरी दुनिया ने भारत की शक्ति और क्षमता को महसूस किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। पिछले 11 वर्षों में चार दर्जन से अधिक देशों ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। हाल ही में घाना, त्रिनिदाद-टोबैगो, नामीबिया और ब्राजील द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया है, जो 140 करोड़ भारतीयों के गौरव का प्रतीक है।
51वीं बार काशी में मौजूद पीएम मोदी
सीएम योगी ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहला अवसर है जब कोई प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र में 51वीं बार उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा कि काशी, नूतन और पुरातन, आध्यात्मिकता और आधुनिकता का संगम बन चुकी है और पीएम मोदी के नेतृत्व में यह दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बन रही है।
51,000 करोड़ की परियोजनाओं से बदल रही काशी की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि काशी के लिए अब तक ₹51,000 करोड़ की परियोजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं। इनमें से ₹34,000 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण प्रधानमंत्री द्वारा किया जा चुका है, जबकि शेष ₹16,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं। इस बार भी पीएम मोदी ₹2,200 करोड़ की योजनाओं का तोहफा काशी को दे रहे हैं, जिनमें कनेक्टिविटी, जलापूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित योजनाएं शामिल हैं।
दिव्यांगजनों को बढ़ रहा अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दिव्यांग शब्द देकर एक नई सोच को जन्म दिया है। आज दिव्यांगजनों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। इस अवसर पर हजारों दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
अन्नदाता किसान आत्मनिर्भर भारत की रीढ़
सीएम योगी ने कहा कि 11 साल पहले किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सिंचाई योजना, बीज वितरण व कृषि बीमा जैसी योजनाओं ने किसानों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने का काम किया है। उन्होंने बताया कि देशभर के 10 करोड़ किसानों को इस योजना का लाभ मिल रहा है, जिसमें से उत्तर प्रदेश के 2.30 करोड़ और काशी के 2.21 लाख किसान परिवारों को 20वीं किस्त प्राप्त हो रही है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, और राज्य सरकार के कई मंत्रीगण मंच पर मौजूद रहे।